नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में गूंजा महिला सशक्तिकरण का संकल्प, 33% भागीदारी पर हुआ जोर

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय के संसार पोखर स्थित महादेव मंदिर के प्रांगण में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को उत्साहपूर्ण और प्रभावशाली बना दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ जिला मंत्री शोभा रानी, नगर उपाध्यक्ष किरण कुशवाहा, महिला मोर्चा की जिला मंत्री सारिका बंका, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, सोशल मीडिया प्रभारी आलोक राज, नगर मंत्री रूपेश कुमार बंटी सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि “नारी शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जो एक सशक्त भारत की पहचान है।”

जिला मंत्री शोभा रानी ने अपने वक्तव्य में कहा कि “महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। भाजपा ने महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित किया है।”

नगर उपाध्यक्ष किरण सिन्हा ने कहा कि “इस अधिनियम के अंतर्गत महिलाओं को देश की राजनीति में 33% भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिसके प्रभाव में नए परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों की संख्या 816 हो सकती है, जिसमें लगभग 270 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसी तर्ज़ पर राज्यसभा, विधानसभा एवं विधान परिषद में भी 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। नारी तू दुर्गा है, काली है, लक्ष्मीबाई है, नारी तू नारायणी है—अब जनभागीदारी की बारी है। भाजपा सरकार में नारी सशक्त और सजग हो रही है।”महिला मोर्चा जिला मंत्री सारिका बंका ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का अभियान है। भाजपा महिला मोर्चा लगातार महिलाओं को संगठित और सशक्त करने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा संसद में विशेष सत्र बुलाने के लिए मैं उनका धन्यवाद करती हूं।”कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.