मोदीनगर में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, जीडीए ने 26 बीघा में हो रहे निर्माण को किया ध्वस्त

गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम फफराना में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देश पर 7 अप्रैल 2026 को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान खसरा संख्या 379 और 380 में करीब 8000 वर्ग मीटर क्षेत्र में रिछपाल सिंह और रनवीर सिंह द्वारा अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं खसरा संख्या 354 में लगभग 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में रविकरण और राजेंद्र द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसके अलावा श्यामसिटी फफराना रोड पर करीब 8000 वर्ग मीटर क्षेत्र में रनवीर सिंह और दिनेश चचरा द्वारा पहले से स्वीकृत कॉलोनी के एक्सटेंशन के रूप में अवैध निर्माण किया जा रहा था।

जीडीए अधिकारियों के अनुसार, इन सभी निर्माण कार्यों के लिए प्राधिकरण से कोई स्वीकृति नहीं ली गई थी और न ही मौके पर कोई स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत किया गया।

प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस समेत अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.