उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में स्थित पौराणिक स्थल विजेथुआ धाम में 7 अप्रैल को होने वाले भव्य महा आरती कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह प्रसिद्ध मंदिर विजयस्थ हनुमान जी को समर्पित है और पुराणों के अनुसार यहीं पर हनुमान जी ने कालनेमी नामक राक्षस का वध किया था।
बिजेथुआ धाम आरती सेवा न्यास ट्रस्ट द्वारा राहुल सिंह “बजरंग” के नेतृत्व में प्रत्येक मंगलवार को महा आरती का आयोजन किया जाता है। इस बार 201 मंगलवार पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष और भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
ट्रस्ट के पदाधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर और मकरी कुंड सरोवर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। साथ ही काशी से आए 11 ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से महा आरती संपन्न कराई जाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुतियां दी जाएंगी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तैयार की गई है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
