अजीज प्रताप खोसा फाउंडेशन द्वारा 7वीं विशाल एथलीट मीट आयोजित, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

ऐलनाबाद, 31 मार्च (भार्गव) शहर के नोहर रोड स्थित अजीज प्रताप खोसा स्टेडियम में अजीज प्रताप खोसा फाउंडेशन द्वारा 7वीं विशाल एथलीट मीट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मैराथन, सर्कल कबड्डी, नेशनल कबड्डी, खो-खो, दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें क्षेत्रभर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में हरियाणा बिजली बोर्ड वितरण निगम के डायरेक्टर फाइनेंस रत्न कुमार वर्मा, विनोद गर्ग और का. स्वर्ण सिंह विर्क मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं बार एसोसिएशन सिरसा के अध्यक्ष गंगा राम ढाका, नरेंद्र सिंह बड़ेच, हरमीत सिंह ढिल्लों, श्रीमती कमलेश शर्मा, जय सिंह गोरा, राज कुमार खत्री, गुरदास सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के संरक्षक सरदार मलकीत सिंह खोसा ने की, जबकि अतिथियों का स्वागत फाउंडेशन के अध्यक्ष अमरपाल खोसा ने किया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मैराथन के विभिन्न वर्गों में संदीप, रणवीर, अंकित, संदीप चरखी दादरी, रनाल्डो पंजाब, विक्रम ऐलनाबाद, अनिल रोहतक, छिंद्र सिंह, बलराज कुका और पूजा धोलपालिया सहित कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

दौड़ प्रतियोगिताओं में 100, 200 और 400 मीटर में प्रदीप, गौरव, प्रिंस, नसीब खान, सूर्य, निर्मल सहित कई खिलाड़ियों ने बाजी मारी। वहीं लंबी कूद, शॉटपुट और अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खो-खो, सर्कल कबड्डी और नेशनल कबड्डी मुकाबलों में भी टीमों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विजेता टीमों को हजारों रुपये के नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। लड़कियों की सर्कल कबड्डी ओपन वर्ग में मतलोडा हिसार की टीम विजेता रही, जबकि पटोदी गुरुग्राम की टीम उपविजेता रही।

इस अवसर पर क्षेत्र के पुराने कबड्डी खिलाड़ियों गुलजार सिंह गोला, बलविंदर सिंह भोलू, बलवंत सिंह देसूमलकाना और जोगा सिंह मिर्जापुर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एम.पी. भार्गव को भी फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में गुरचरण सिंह सरपंच, पालिका अध्यक्ष राम सिंह सोलंकी, मास्टर नसीब सिंह, डॉ. मदन जैन, गुरदेव सिंह संधू, डॉ. राजेंद्र सरां, मंगल विर्क रानियां सहित फाउंडेशन के सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.