- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर। बिलासपुर तहसील क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मी नगर, वार्ड नंबर 6 से एक 10 वर्षीय बालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है। लापता बालक की पहचान अनुज पुत्र तोताराम के रूप में हुई है, जो परसों रात से घर से गायब है।
परिजनों के अनुसार, अनुज रात में घर से बाहर घूमने के लिए निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। शुरुआत में परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
बालक के पिता तोताराम की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में खोजबीन कर रही है और संदिग्ध स्थानों पर पूछताछ भी की जा रही है।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी बच्चे की तलाश में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को अनुज के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वह तुरंत नजदीकी थाना पुलिस या परिजनों को सूचित करें, ताकि बच्चे को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।
