फरीदाबाद में तेज रफ्तार बीपीसीएल ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम

  • रिपोर्ट: नीरज मित्तल

फरीदाबाद: जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक बीपीसीएल के ट्रक ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

मृतका की पहचान करीब 65 वर्षीय हरदम देवी, निवासी गांव प्याला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह अपने घर से सड़क पार कर दूसरे मकान की ओर जा रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे बीपीसीएल के ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज रफ्तार में था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

वहीं गांव के सरपंच बबली ने कंपनी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रकों की तेज रफ्तार को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है।

सीकरी चौकी प्रभारी सुरेंद्र फोगाट ने बताया कि ट्रक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.