Barabanki: जनपद में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बढ़ी बिक्री पर डीएम सख्त

  • रिपोर्ट: कपिल सिंह

बाराबंकी। जनपद में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह तथा जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखने तथा पंपवार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे कहीं भी कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 247 पेट्रोल पंप संचालित हैं तथा वर्तमान में 2580 केएल डीजल एवं 1860 केएल पेट्रोल उपलब्ध है। आज प्रातःकाल तक 1426 केएल डीजल एवं 820 केएल पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण गत दिवस की तुलना में लगभग ढाई गुना अधिक बिक्री हुई, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। इस दौरान ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि डिपो में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति निरंतर बनाए रखी जा रही है।

जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपवार स्टॉक की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऑयल कंपनियों के अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे एवं सायं 8 बजे स्टॉक की सूचना जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं तथा डिपो से जनपद हेतु भेजे गए ईंधन की जानकारी भी साझा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी पाए जाने पर प्रिवेंशन ऑफ ब्लैकमार्केटिंग एक्ट एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे घबराकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की सतत निगरानी है। उन्होंने पुनः आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.