गाजियाबाद की बेटी सिमरन शर्मा को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मोदीनगर निवासी और पैरा ओलंपिक 200 मीटर में कांस्य पदक विजेता सिमरन शर्मा को जिला पंचायती राज विभाग में नियुक्ति दी गई है। उन्हें लखनऊ में कल शाम नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
खेल जगत में देश का नाम रोशन करने के बाद अब सिमरन शर्मा प्रशासनिक भूमिका में नजर आएंगी। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
सिमरन शर्मा ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया था। इसके अलावा उन्होंने हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स 2022 में रजत पदक और जापान में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
उनकी शानदार उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया है। अब खेल के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालते हुए सिमरन शर्मा युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनेंगी।
