प्रशिक्षण महाभियान में कार्यकर्ताओं को मिला विकास व विचारधारा का मंत्र, सरकार की उपलब्धियों पर हुआ मंथन

सफीदों/जींद, मार्च (डॉ. एम.पी. भार्गव)। मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने नरवाना शहरी मंडल तथा सफीदों के मुहाना मंडल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 के अंतर्गत कार्यशालाओं में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व हरियाणा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी नीतियों और संगठन की विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। कार्यकर्ताओं को संगठन के सिद्धांतों, राष्ट्रवाद की भावना और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती देने का आह्वान किया गया।

कार्यशाला में बताया गया कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार ने देश में आर्थिक विकास को नई गति दी है, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनेक्शन देकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाया गया है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जा रही है।

अशोक छाबड़ा ने बताया कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया गया है, जबकि जल जीवन मिशन के जरिए हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से जारी है। इसके अलावा आधारभूत ढांचे के विकास में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें सड़क, रेल और हवाई सेवाओं का विस्तार शामिल है। कोविड-19 के दौरान देशव्यापी टीकाकरण अभियान भी सफलतापूर्वक संचालित किया गया।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश

हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए अशोक छाबड़ा ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद राज्य में पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती प्रणाली लागू की गई है, जिससे युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के रोजगार के अवसर मिले हैं। ई-गवर्नेंस के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सरल और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के सकारात्मक परिणामस्वरूप लिंगानुपात में सुधार हुआ है। राज्य में सड़क एवं बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे उनकी आय में वृद्धि हो रही है। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित किए गए हैं। शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी अनेक कदम उठाए गए हैं।

कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकार की इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है, ताकि आम जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर

कार्यशाला के दौरान अशोक छाबड़ा ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। उन्होंने प्रशिक्षण महाभियान को संगठन को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.