हरियाणा उपटेस: जिला जेल में ‘न्याय और सम्मान अभियान’ के तहत ओपन जिम का उद्घाटन, बंदियों के स्वास्थ्य पर जोर

जिला जेल में ‘न्याय और सम्मान अभियान’ के तहत ओपन जिम का उद्घाटन, बंदियों के स्वास्थ्य पर जोर

ऐलनाबाद, 20 मार्च (एम.पी. भार्गव): जिला जेल में बंदियों के स्वास्थ्य और पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए ‘न्याय और सम्मान अभियान’ के अंतर्गत ओपन जिम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने जिम का शुभारंभ किया।

यह ओपन जिम रोटरी क्लब सिरसा सीनियर, रोटरी क्लब सिरसा डिवाइन और रोटरी क्लब सिरसा न्यू जन के सहयोग से स्थापित किया गया है। जिम में 14 व्यायाम मशीनें लगाई गई हैं, जो बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश भी दिया।

इस मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने कहा कि जेल केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाती हैं। नियमित व्यायाम से बंदियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जिससे वे समाज में दोबारा बेहतर तरीके से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेश मेहता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुभाष नरूला, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी एडमिनिस्ट्रेशन देवेंद्र मिगलानी, रोटरी क्लब सिरसा सीनियर के प्रधान डॉ. बी.एस. बंसल, कोषाध्यक्ष राजेश खट्टर, पूर्व प्रधान परविंद्र ठठई, विष्णु सिंगला, रोटेरियन मनोहर लूथरा, विजय डोडा, डॉ. अंशुल सिंह, प्रेम सैनी और डिप्टी एलएडीसी के.एस. गिल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सोलर ऊर्जा को बढ़ावा: सब्सिडी के साथ मिलेगी मुफ्त बिजली, अतिरिक्त बिजली बेचकर होगी आय

ऐलनाबाद, 20 मार्च (एम.पी. भार्गव): केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना के तहत आम नागरिकों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से न केवल बिजली बिल में राहत मिलेगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर आय का अवसर भी मिलेगा।

योजना के अनुसार, अंत्योदय परिवार जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है और सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, वे 2 किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये और हरियाणा सरकार से 50 हजार रुपये, यानी कुल 1.10 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं जिन परिवारों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक है और खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें 2 किलोवाट सोलर पैनल पर केंद्र से 60 हजार रुपये और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये, कुल 80 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। इसके अलावा 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि केंद्र का अनुदान सभी आय वर्गों के लिए उपलब्ध है, यानी इसके लिए आय सीमा लागू नहीं है। योजना का लाभ लेने से उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य तक हो सकता है। साथ ही, यदि सोलर पैनल से जरूरत से ज्यादा बिजली उत्पादन होता है, तो उसे सरकार द्वारा खरीदा जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी।

यह योजना न केवल आर्थिक रूप से लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में कमी आएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.