रामपुर में घंटों बिजली कटौती से लोग बेहाल, त्योहारों के बीच बाजारों में छाया अंधेरा

रामपुर: जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन और व्यापारी परेशान हैं। विद्युत वितरण खंड प्रथम के उपखंड द्वितीय अंतर्गत रजा इंटर कॉलेज 33/11 केवी उपकेंद्र से जुड़े मिस्टन गंज फीडर सहित अन्य सात फीडरों की बिजली 20 मार्च को सुबह 10 बजे से बंद है, जो तीन घंटे बीतने के बाद भी बहाल नहीं हो सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 30-40 दिनों से वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद रोजाना कई-कई घंटे बिजली कटौती की जा रही है। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। वर्तमान में अलविदा जुमे के साथ नवरात्र और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ी हुई है, लेकिन बिजली न होने के कारण दुकानों और बाजारों में अंधेरा छाया हुआ है।

गर्मी बढ़ने के साथ दिन में भी बिजली कटौती होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। खासतौर पर रजा इंटर कॉलेज उपकेंद्र, किला गेट, नवाब गेट, शाहबाद गेट, पहाड़ी गेट और डूंगरपुर बिजली घरों से जुड़े इलाकों में समस्या ज्यादा बनी हुई है।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद राकिम खान ने जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लोगों में असंतोष बढ़ सकता है।

लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि त्योहारों के मद्देनजर बिजली आपूर्ति को सुचारु किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.