जियो की बढ़त बरकरार, मोबाइल और ब्रॉडबैंड दोनों में नंबर वन: जेएम फाइनेंशियल

नई दिल्ली, 20 मार्च 2026: ब्रोकरेज फर्म JM Financial की ताजा रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टेलीकॉम बाजार में रिलायंस जियो की बढ़त और मजबूत हो गई है। कंपनी मोबाइल सेवाओं के साथ-साथ होम ब्रॉडबैंड और 5G फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट में भी शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2026 में जियो ने सबसे ज्यादा नए मोबाइल ग्राहक जोड़े। इस दौरान कंपनी से करीब 16 लाख नेट वायरलेस यूजर जुड़े। वहीं भारती एयरटेल ने लगभग 12 लाख नए ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया के करीब 7 लाख ग्राहक कम हो गए। ये आंकड़े TRAI के डेटा पर आधारित हैं।

जेएम फाइनेंशियल के अनुसार जियो 41 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी के साथ देश की सबसे बड़ी वायरलेस कंपनी बनी हुई है। एयरटेल दूसरे स्थान पर है, जबकि वोडाफोन आइडिया लगातार पिछड़ रही है।

होम ब्रॉडबैंड सेगमेंट में भी जियो की बढ़त जारी है। जनवरी में कंपनी ने करीब 7.8 लाख नए ब्रॉडबैंड ग्राहक जोड़े और कुल बाजार में लगभग 42 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर रही। विश्लेषकों के मुताबिक, इसके पीछे जियोएयरफाइबर की बढ़ती मांग प्रमुख कारण है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 5G फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट (एयरफाइबर) बाजार में जियो की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से अधिक है, जिससे कंपनी को शुरुआती बढ़त मिली है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यही सेगमेंट टेलीकॉम सेक्टर की ग्रोथ को आगे बढ़ाएगा।

विश्लेषकों के अनुसार, फाइबर और वायरलेस ब्रॉडबैंड दोनों पर एक साथ विस्तार करने की जियो की रणनीति प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले ज्यादा प्रभावी साबित हो रही है। मजबूत ग्राहक वृद्धि और ब्रॉडबैंड विस्तार से रिलायंस इंडस्ट्रीज के डिजिटल कारोबार को भी गति मिल सकती है। साथ ही 5G और होम इंटरनेट सेवाओं की बढ़ती हिस्सेदारी भविष्य में प्रति ग्राहक आय (ARPU) और नकदी प्रवाह को बेहतर बनाने में सहायक होगी, जो निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.