- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर
रामपुर में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आप पदाधिकारियों ने “मोदी मंत्र” के तहत नाले के पानी से गैस का चूल्हा जलाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया, वहीं महिला कार्यकर्ताओं ने लोहे के चूल्हे में उपले जलाकर रोटी बनाते हुए महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
रामपुर में प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल ख़ान लाला और ज़िला अध्यक्ष अंसार अहमद के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों में हुई वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। बरेली गेट स्थित नाले में पाइप डालकर गैस का चूल्हा जलाने का प्रयास कर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए।
इस मौके पर फ़ैसल ख़ान लाला ने कहा कि वर्तमान समय में देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है और इसका सबसे बड़ा बोझ गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं तमिलनाडु में करीब 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, जबकि पंजाब और दिल्ली NCR सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
इसके अलावा मोरबी में लगभग 170 उद्योग बंद होने से करीब एक लाख लोग बेरोजगार हो चुके हैं। आप नेताओं का कहना है कि भारत में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी का आयात किया जाता है, जिसका बड़ा हिस्सा Strait of Hormuz के रास्ते आता है। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इज़राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।
ज़िला अध्यक्ष अंसार अहमद ने मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई हालिया वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार को स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान ज़िला अध्यक्ष अंसार अहमद, सभासद यासीन उर्फ गुड्डू खां, सभासद सरफराज गुड्डू, सभासद आरिफ सिकंदर राजू, सभासद मोहम्मद आसिफ, सभासद वकील अहमद, सभासद मोहम्मद तारिक, सभासद शारिक परवेज़, सभासद मोहम्मद वकील, सभासद अब्दुल अय्यूब, सभासद फैजान सैफी, सभासद वकील हैदराबादी, सभासद नियाज़ अहमद, सभासद बशीर अहमद, इकबाल हुसैन, इमरान, शिराज अहमद, मुन्ने अली, मोहम्मद सलीम, सलीम अहमद, एजाज़ अहमद, पूर्व प्रधान रईस उद्दीन, इकरार अहमद, जावेद हबीब, फायजा बी, महबूब जहां, समीना बी, शाहीन बी, शहनाज़ मालिक, मैसरा मुख्तार, राशिद अली, नजम खां, फैज़ खां, जुबैर मियां, आमिर खां, नासिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
