मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर कजरा पावर प्लांट का डीएम मिथिलेश मिश्र ने किया निरीक्षण

सुरक्षा,हेलीपैड, सभा स्थल और यातायात व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा

लखीसराय(सरफराज आलम)मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में शनिवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल, सभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले में चल रहे विकास कार्यों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके लिए विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, प्रदर्शनी सामग्री तथा योजनाओं से संबंधित सूचना पट्टों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता पम्मी रानी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल कुणाल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक डीआरडीए नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनन्द, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.