अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ‘नयी दिशा परिवार’ ने आयोजित किया कर्मयोगी महिला सम्मान व सांस्कृतिक समारोह
- रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा
पटना, 07 मार्च। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था नयी दिशा परिवार के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को हिंदी साहित्य सम्मेलन परिसर में कर्मयोगी महिला सम्मान सह सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था की ओर से पटना की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, पटना सिटी न्यायालय की अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनुपमा त्रिपाठी, डॉ. किरण शरण, रीता रस्तोगी, वार्ड पार्षद पिंकी यादव, अंजलि राय, करुणा राय, कवयित्री डॉ. मीना कुमारी परिहार ‘मान्या’, मीरा श्रीवास्तव, अवंतिका सिन्हा, बिंदु किशोरी, वंदना कुमारी, डॉ. संध्या, डॉ. ज्योति प्रकाश, चंद्र पूर्णिमा, संयुक्ता कुमारी, आरती कुमारी, अर्चना कमल, नीलम कुमारी, शैल सिंह और सुरभि वर्मा सहित कई महिलाओं को ‘कर्मयोगी महिला सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
समारोह की विशिष्ट अतिथि अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनुपमा त्रिपाठी ने कहा कि स्त्री और पुरुष मिलकर ही एक सुंदर समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ पुरुषों को कमजोर करना या उन्हें नीचा दिखाना नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना के साथ समाज को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ यह न सोचें कि पुरुषों को पीछे धकेलकर ही आगे बढ़ा जा सकता है, बल्कि दोनों के समान योगदान से ही समाज मजबूत बनता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने कहा कि प्राचीन काल में नारी-सत्तात्मक समाज था और महिलाओं को पुरुषों से अधिक सम्मान प्राप्त था। उन्होंने कहा कि उस समय महिलाएँ शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान और सामाजिक व्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभाती थीं। मध्यकाल में अशिक्षा के कारण समाज का पतन हुआ और महिलाओं की स्थिति कमजोर हुई। उन्होंने कहा कि आधुनिक समाज में महिलाएँ फिर से सशक्त हो रही हैं, लेकिन उन्हें वह सम्मानजनक स्थान अभी पूरी तरह प्राप्त होना बाकी है जो प्राचीन काल में था।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक राजेश वल्लभ, कमल नयन श्रीवास्तव, अधिवक्ता नवीन सिन्हा और पत्रकार प्रेम कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
संस्था के सचिव राजेश राज ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।
समारोह के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसमें कुमार पंकज सिन्हा और राजा बाबू के गायन तथा लक्ष्मी कुमारी, प्रियांशी और अदिति मौर्या के नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती ऋतुराज राजेश, सपना रानी, पनकी शर्मा, जूली कुमारी, अनामिका, मोहित कुमार, सूरज कुमार, कौशल राज, उज्ज्वल राज, युवराज और नैतिक ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
