लखीसराय (सरफराज आलम): जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिले में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य फॉर्मर रजिस्ट्री की वर्तमान स्थिति का आकलन करना और कार्य को तेज करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक के दौरान अब तक किए गए फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही किसान पहचान पत्र (Farmer ID) के निर्माण में आ रही तकनीकी और प्रक्रियागत कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई। नोडल पदाधिकारियों ने जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं से डीएम को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए समाधान के निर्देश दिए।
डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों की सटीक पहचान सुनिश्चित की जा रही है, ताकि भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंच सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 09 मार्च 2026 से अगले 12 दिनों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य को गति दी जाएगी। इस अवधि में सभी अंचलों और पंचायतों में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के ऐसे शेष लाभुक, जिनका अभी तक Farmer ID नहीं बना है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका पंजीकरण कराया जाए। इसके अलावा जिन किसानों की जमाबंदी कायम है, उन्हें भी प्राथमिकता देते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, सभी अंचलाधिकारी तथा पंचायत स्तर पर नामित नोडल पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
khabre junction
