बदायूँ। रंगों के पर्व होली के अवसर पर पुलिस लाइन बदायूँ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे व सौहार्द के वातावरण में त्योहार मनाया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारीगण तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने सभी को रंग और गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को जलपान भी कराया गया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मिलन सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को होली की बधाई देते हुए कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी से अपील की कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाए तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश सिंह कठेरिया के नेतृत्व में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने होली के त्योहार को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगातार ड्यूटी निभाई।
अतिसंवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस टीमों, क्यूआरटी, स्वाट व सर्विलांस टीमों तथा ड्रोन कैमरों से विशेष निगरानी रखी गई। जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग कर लोगों से संवाद स्थापित किया और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। प्रत्येक बीट में स्थानीय लोगों की टोली भी बनाई गई, जो अपने क्षेत्र की जानकारी थाना प्रभारियों को देती रही।
पुलिस सोशल मीडिया सेल भी सक्रिय मोड पर रही और शरारती तत्वों के सोशल मीडिया खातों पर नजर रखी गई। सोशल मीडिया और टीवी खबरों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए अफवाहों और भ्रामक खबरों को चिन्हित कर संबंधित थानों के माध्यम से कार्रवाई कराई गई।
डायल 112 की पीआरवी टीमों ने भी विशेष सतर्कता बरतते हुए घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर आमजन को सुरक्षा का अहसास कराया। पुलिस कंट्रोल रूम ने भी सभी सूचनाओं को समय पर संबंधित थानों तक पहुंचाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बदायूँ पुलिस की सराहना करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को संयम, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने पर बधाई दी। साथ ही जनपदवासियों, पीस कमेटी के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही होली का पर्व जिले में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सका।
khabre junction
