बदायूँ। शासन और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) हरिओम द्वारा जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, सीटबेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 88 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए। वहीं 08 ओवरलोड भारी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे गए। इस प्रकार कुल 96 वाहनों पर चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से करीब 2 लाख रुपये का प्रसमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया। इसके अतिरिक्त फिटनेस फेल पाए जाने पर एक हल्के वाहन को परिवहन कार्यालय बदायूँ में सीज कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया और उन्हें हेलमेट व सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई।
khabre junction
