सिरसा पुलिस ने लुधियाना की महिला का गुम हुआ मोबाइल फोन लौटाकर पेश की ईमानदारी एवं मानवता की मिसाल 

ऐलनाबाद, 1 मार्च (एमपी भार्गव) बीती रात्रि थाना सिविल लाइन में तैनात सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने रात्रि गश्त के दौरान एक महिला का गुम हुआ मोबाइल फोन लौटाकर ईमानदारी एवं मानवता की मिसाल पेश की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि बीती रात्रि सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान वे बरनाला रोड से होते हुए जेल की ओर जा रहे थे। जब पुलिस पार्टी जेल के नजदीक पहुंची तो सड़क किनारे एक मोबाइल फोन पड़ा हुआ दिखाई दिया। सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल फोन को अपने कब्जे में लेकर उसके मालिक की पहचान करने का प्रयास किया।
इसी दौरान कुछ समय बाद उक्त मोबाइल फोन पर एक महिला का कॉल आया। महिला ने बताया कि वह लुधियाना की निवासी है और खाटू श्याम मंदिर से वापस लौटते समय उसका मोबाइल फोन कहीं रास्ते में गिर गया था। फोन न मिलने से वह काफी चिंतित थी। इस पर सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने महिला को आश्वस्त करते हुए बताया कि वह सिरसा पुलिस से बोल रहे हैं तथा उसका मोबाइल सुरक्षित है। उन्होंने महिला से कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, वह आकर अपना मोबाइल प्राप्त कर सकती है।
सूचना मिलने के बाद महिला सिरसा पहुंची और थाना सिविल लाइन में सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह से संपर्क कर अपना मोबाइल फोन प्राप्त किया। मोबाइल सुरक्षित मिलने पर महिला ने सिरसा पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस के इस सराहनीय कार्य से आमजन में विश्वास और मजबूत होता है।
थाना प्रभारी सिविल लाइन ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह द्वारा किया गया यह कार्य पुलिस की ईमानदारी, जिम्मेदारी और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता करना भी है। इस प्रकार के कार्यों से समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि और अधिक सुदृढ़ होती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.