सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: ट्रांसफॉर्मर बदलते समय लाइनमैन की करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया जाम

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। जिले के घोरावल क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर बदलने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 25 फीट ऊंचे विद्युत खंभे पर कार्य कर रहे लाइनमैन को अचानक 11 हजार वोल्ट का तेज करंट लग गया। शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी और वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि लाइनमैन संतोष ट्रांसफॉर्मर बदलने का कार्य कर रहा था और इस दौरान शटडाउन लिया गया था। आरोप है कि काम के दौरान ही बिजली आपूर्ति दोबारा चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ।

36 घंटे बाद परिजनों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। करीब 36 घंटे बाद परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतक की पत्नी बिंदु देवी ने परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे और दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

विभागीय कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संविदाकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है, जबकि संबंधित जेई को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही एसडीओ और अधिशाषी अभियंता के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.