प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने उमरा क्षेत्र के एक समेकित स्कूल का निरीक्षण किया

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह

बाराबंकी:प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने सबसे पहले उमरा क्षेत्र के एक समेकित स्कूल का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन भवन की मजबूती की जांच करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और बच्चों के लिए सुरक्षित तथा टिकाऊ ढांचा सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद प्रभारी मंत्री कुर्सी स्थित गोवंश आश्रय स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने पशुओं को दिए जा रहे चारे की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति देखी। भूसे में अशुद्धि पाए जाने पर विकास खंड अधिकारी को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए ताकि पशुओं को स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

घुंघटेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंत्री ने प्रतीक्षारत रोगियों से बातचीत कर उपचार संबंधी सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रयोगशाला, एक्स-रे, दवा वितरण कक्ष तथा चिकित्सकों के कक्ष का निरीक्षण किया। स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का भी अवलोकन किया और वहां परोसे जा रहे भोजन की जानकारी ली। लोगों ने कुछ उपकेंद्रों में दवा उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति से जुड़ी समस्याएं भी बताईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। प्रसूति वार्ड में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

रेंगवां ग्राम पंचायत में आयोजित विकास खंड स्तरीय किसान सम्मेलन में मंत्री ने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और मृदा परीक्षण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ छोटे और सीमांत किसानों तक पहुंच रहा है तथा आधुनिक उपकरणों और फसल बीमा जैसी सुविधाओं से खेती को सुरक्षित बनाया जा रहा है। रासायनिक उर्वरकों का सीमित उपयोग कर वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर कुर्सी क्षेत्र के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने भी किसानों को संबोधित करते हुए प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया और कृषि लागत घटाकर आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.