बेबसी को मिली रफ्तार, बीमारी को संजीवनी: जनता दर्शन में लौटी चेहरों पर मुस्कान

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर। जनता दर्शन अब बेबसों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहा है। यहां शिकायतें केवल कागजों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट प्रांगण में एक ओर दिव्यांगजनों को नई रफ्तार मिली, तो दूसरी ओर गंभीर बीमारियों से जूझ रहीं बेटियों को इलाज का सहारा।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित होने वाले जनता दर्शन में कुछ दिन पूर्व घेर आज़म निवासी आलिया, मोवीनपुर अहमदाबाद निवासी नैपाल सिंह और सिरसा (तहसील मिलक) निवासी ओमपाल ने जिलाधिकारी Ajay Kumar Dwivedi से मिलकर अपनी पीड़ा साझा की। इन दिव्यांगजनों की शारीरिक स्थिति ऐसी थी कि वे विभाग द्वारा दी जाने वाली सामान्य (हाथ से चलने वाली) ट्राईसाइकिल का उपयोग नहीं कर पा रहे थे।

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय कंपनी Radico Khaitan Limited से संपर्क किया। कंपनी ने अपने सीएसआर फंड के माध्यम से प्रशासन को 10 मोटराइज्ड (इलेक्ट्रिक) ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराईं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में रेडिको खेतान की चेयरपर्सन (सीएसआर) अनीता चौहान, डायरेक्टर अमर सिंह और वाइस प्रेसिडेंट अजय प्रताप सिंह की मौजूदगी में तीनों पात्र दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल सौंपी गईं। शेष सात ट्राईसाइकिलें भी जल्द अन्य पात्र लाभार्थियों को प्रदान की जाएंगी।

जब नियम बने बाधा, प्रशासन ने निकाला मानवीय रास्ता

जनता दर्शन में ही रेखा कश्यप (ग्राम नरखेड़ा, तहसील स्वार) और काजल (निवासी सोहना, तहसील शाहबाद) का मामला भी सामने आया। दोनों गंभीर असाध्य बीमारियों से पीड़ित हैं, लेकिन वर्ष 2011 की एसईसीसी सूची में नाम न होने के कारण उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था।

जिलाधिकारी ने नियमों के दायरे में समाधान निकालते हुए पहले दोनों का अंत्योदय राशन कार्ड बनवाया। अंत्योदय कार्ड बनते ही वे स्वतः Ayushman Bharat Yojana के लिए पात्र हो गईं और उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा वाला आयुष्मान कार्ड उपलब्ध करा दिया गया।

डीएम ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत अब तक 200 से अधिक जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण हो। जनता दर्शन का उद्देश्य ही यही है कि शासन की योजनाओं का लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और मानवीय तरीके से पहुंचाया जाए।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.