बदायूं। जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से जनपद में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम द्वारा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत प्रमुख राजमार्गों, संपर्क मार्गों एवं संवेदनशील चेकिंग प्वाइंट्स पर सघन जांच की गई। इस दौरान कुल 14 वाणिज्यिक वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 6 वाहन निर्धारित मानक से अधिक भार वहन करते पाए गए। संबंधित वाहनों के विरुद्ध Motor Vehicles Act, 1988 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत चालान की कार्रवाई करते हुए कुल ₹2 लाख का शमन शुल्क अधिरोपित कर सरकारी खाते में जमा कराया गया तथा वाहनों को सीज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, ब्रेकिंग सिस्टम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और सड़कों एवं पुलों की संरचना को भी नुकसान पहुंचता है। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 20 दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध बिना हेलमेट चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग करने के आरोप में चालान किए गए।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि निर्धारित भार सीमा का पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।
khabre junction
