पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है : नायब सिंह सैनी
हमें मिलकर पंजाब को नंबर वन स्टेट बनाना है – मुख्यमंत्री आप पार्टी भ्रष्टाचार में कांग्रेस से भी चार कदम आगे – सैनी
ऐलनाबाद/लुधियाना (पंजाब), 23 फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव)। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और हमें मिलकर पंजाब को नंबर वन राज्य बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में जनता से जो वादे किए थे, वे चार साल बीत जाने के बाद भी पूरे नहीं हुए।
मुख्यमंत्री रविवार को Ludhiana स्थित छठ पूजा मैदान में आयोजित पूर्वांचल सम्मान रैली को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके पहुंचने पर पदाधिकारियों द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि लुधियाना एक प्रसिद्ध औद्योगिक नगरी है, जिसे पंजाब की औद्योगिक राजधानी और भारत का ‘मैनचेस्टर’ भी कहा जाता है। उन्होंने पंजाब को गुरुओं, पीरों और वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवर्तन का संदेश है।
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी चार कदम आगे है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने मन बना लिया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनानी है और कांग्रेस व आप को बाहर का रास्ता दिखाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चार वर्षों में जनता से झूठे वादे किए और एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने Arvind Kejriwal का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया और उनकी कथित ‘कट्टर ईमानदारी’ का असली चेहरा देश के सामने आ चुका है।
उन्होंने हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, किडनी रोगियों के लिए सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 100 प्रतिशत फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। लगभग दो लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी गई हैं।
आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत 27 लाख परिवारों का नि:शुल्क इलाज कराया गया है, जिस पर साढ़े चार हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के इलाज की व्यवस्था भी की गई है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह तथा 4 प्रतिशत ब्याज दर पर 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या को रोकने के बजाय बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में जैसे ही पंजाब में कमल खिलेगा, नशे और गैंगस्टर कल्चर में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि Narendra Modi विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं और पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर रैली में आने वाले लोगों को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि बसों और वाहनों को रोकना उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाकर राज्य को नंबर वन बनाया जाए।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और रैली के आयोजक राजेश मिश्रा ने भी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष लुधियाना रजनीश धीमान सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
khabre junction
