बदायूं, फरवरी 2026। शासन के निर्देशानुसार एकमुश्त कर योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में दो दिवसीय परिवहन मेले का आयोजन किया गया। यह मेला 20 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 7500 किलोग्राम तक की क्षमता वाले वाहनों को एकमुश्त कर योजना के अंतर्गत शामिल करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
यह आयोजन उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के परिवहन आयुक्त एवं अवनीश राय, जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशों के अनुपालन में किया जा रहा है। मेले के पहले दिन परिवहन कार्यालय में विशेष बूथ स्थापित कर वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सदस्यों को योजना की जानकारी दी गई।
शासन की अधिसूचना के अनुसार 7500 किलोग्राम तक की क्षमता वाले वाहनों पर अब त्रैमासिक या वार्षिक आधार पर कर की गणना नहीं की जाएगी। इसके स्थान पर वाहन स्वामियों को एकमुश्त कर व्यवस्था के तहत 15 वर्षों की कर धनराशि एक साथ जमा करनी होगी। इस योजना के लागू होने के बाद ही संबंधित वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और स्वामित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
मेले के दौरान वरिष्ठ सहायक ज्ञानेंद्र पाल एवं प्रधान सहायक असीम रजा द्वारा वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारियों को योजना के लाभों और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना से वाहन स्वामियों को बार-बार कर जमा करने की समस्या से राहत मिलेगी और प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी।
इसके साथ ही फरवरी 2026 में संचालित सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत वाहन स्वामियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में माल एवं यात्री कर अधिकारी अभिनव चौधरी सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग के इस प्रयास से वाहन स्वामियों में उत्साह देखा गया और उम्मीद जताई जा रही है कि एकमुश्त कर योजना से परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी।
khabre junction
