बिना खाना खाए इंसान कितने दिन जिंदा रह सकता है? डॉक्टर ने बताया शरीर पर पड़ने वाले गंभीर असर

नई दिल्ली: इंसान के जीवित रहने के लिए भोजन सबसे जरूरी जरूरतों में से एक है। लेकिन कई बार बीमारी, दुर्घटना, उपवास या आपात स्थिति में यह सवाल उठता है कि बिना खाना खाए इंसान कितने दिन तक जिंदा रह सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह व्यक्ति की सेहत, शरीर में जमा ऊर्जा और पानी की उपलब्धता पर निर्भर करता है।

डॉ. सुमोल रत्ना, सहायक प्रोफेसर, चिकित्सा विभाग, एनआईआईएमएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, के मुताबिक शरीर को काम करने के लिए ऊर्जा की जरूरत होती है, जो भोजन से मिलती है। जब इंसान खाना बंद कर देता है, तो शरीर तुरंत काम करना बंद नहीं करता, बल्कि पहले से जमा ऊर्जा का उपयोग करना शुरू कर देता है।

20 से 30 दिन तक जिंदा रह सकता है इंसान

डॉक्टरों के अनुसार, यदि व्यक्ति को पानी मिलता रहे, तो वह बिना खाना खाए लगभग 20 से 30 दिन तक जीवित रह सकता है। हालांकि, यह कोई निश्चित समय सीमा नहीं है, क्योंकि हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमता अलग होती है। वहीं, यदि पानी भी न मिले, तो इंसान केवल 3 से 5 दिन तक ही जीवित रह पाता है।

शरीर ऊर्जा के लिए क्या करता है

जब भोजन नहीं मिलता, तो शरीर सबसे पहले खून में मौजूद ग्लूकोज का उपयोग करता है, जो कुछ घंटों में खत्म हो जाता है। इसके बाद शरीर लीवर में जमा ग्लाइकोजन का उपयोग करता है, जो लगभग 24 घंटे तक ऊर्जा देता है। इसके बाद शरीर ऊर्जा के लिए फैट (चर्बी) को जलाने लगता है।

कुछ दिनों बाद जब फैट भी कम होने लगता है, तो शरीर मांसपेशियों को तोड़कर ऊर्जा लेने लगता है। यह स्थिति बेहद खतरनाक होती है, क्योंकि इसमें दिल और सांस से जुड़ी मांसपेशियां भी प्रभावित हो सकती हैं।

7 से 20 दिन में दिखने लगते हैं गंभीर लक्षण

लगभग 7 से 10 दिन बिना खाना खाए रहने पर कमजोरी, चक्कर, थकान, चिड़चिड़ापन और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होने लगती है। ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर तक गिर सकते हैं।
15 से 20 दिन के बाद शरीर में प्रोटीन की कमी होने लगती है, बाल झड़ने लगते हैं, त्वचा सूखी हो जाती है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। इस समय मामूली संक्रमण भी जानलेवा बन सकता है।

बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों में ज्यादा खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, डायबिटीज, दिल, किडनी या कैंसर जैसी बीमारियों से ग्रसित लोगों में यह खतरा अधिक होता है। बच्चों और बुजुर्गों में शरीर जल्दी कमजोर हो जाता है। वहीं, जिन लोगों के शरीर में अधिक फैट होता है, वे थोड़ा अधिक समय तक जीवित रह सकते हैं, लेकिन यह स्थिति भी सुरक्षित नहीं होती।

लंबे समय तक भूखा रहना बेहद खतरनाक

डॉक्टर बताते हैं कि धार्मिक उपवास और पूरी तरह भूखे रहने में फर्क होता है। उपवास में लोग फल, दूध या तरल पदार्थ लेते हैं, जिससे शरीर को कुछ पोषण मिलता रहता है। लेकिन पूरी तरह भूखा रहना शरीर के अंगों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।

इसके अलावा, लंबे समय तक भूखे रहने के बाद अचानक ज्यादा खाना खाने से “रीफीडिंग सिंड्रोम” का खतरा होता है, जिससे दिल और दिमाग पर गंभीर असर पड़ सकता है।

 

khabre junction

Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें

Leave A Reply

Your email address will not be published.