मिर्जापुर में बोर्ड परीक्षा के दौरान एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र का छापा, नकल रोकने के दिए सख्त निर्देश

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो गई है। नकल विहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

एसडीएम सदर ने एएस जुबली इंटर कॉलेज, महेश भट्टाचार्य इंटर कॉलेज, अकोढ़ी इंटर कॉलेज और श्री निवास धाम सरोज देवी इंटर कॉलेज हरगढ़ सहित कई परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षा संचालन की स्थिति की जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से कराई जाए।

परीक्षा केंद्रों पर लागू किए गए सख्त नियम

प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण नियम लागू किए गए हैं—

परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़ पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकॉर्डिंग की नियमित जांच की जाएगी।

प्रश्नपत्रों के स्ट्रांग रूम की चाबी स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित रहेगी।

नकल करते हुए पकड़े जाने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा से वंचित कर अगले वर्ष की परीक्षा में शामिल होने से रोका जा सकता है।

एसडीएम गुलाब चन्द्र ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराना है, ताकि मेहनती छात्रों के साथ न्याय हो सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.