मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन की ऐतिहासिक पहल: पत्रकारों को मिलेगा कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस, सीएम नायब सिंह सैनी को भेजा विशेष निमंत्रण

हरियाणा, 19 फरवरी (एम.पी. भार्गव, विशेष संवाददाता)। मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) देश की पहली संस्था बनने जा रही है, जो मीडिया कर्मियों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है और इसके लॉन्चिंग समारोह के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मुख्य अतिथि बनने का विशेष निमंत्रण भेजा गया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर वर्ष 2025–26 के लिए पत्रकारों के कल्याण हेतु कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस के साथ-साथ 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस और एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी वितरण समारोह में शामिल होने का अनुरोध किया है। यह कार्यक्रम पंचकूला स्थित रेड बिशप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पत्रकार कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा पर संगोष्ठी भी आयोजित होगी।

पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए बड़ा कदम

एसोसिएशन द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत हरियाणा के सैकड़ों पत्रकारों को 10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी प्रदान की जाएगी, जिससे असामयिक मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। इसके अलावा 10 लाख रुपये की एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी दुर्घटना के समय सुरक्षा कवच का काम करेगी।

अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि पत्रकारों के जोखिम भरे पेशे को ध्यान में रखते हुए यह योजना शुरू की गई है, क्योंकि पत्रकार अक्सर कठिन और संवेदनशील परिस्थितियों में कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री के हाथों वितरण से बढ़ेगा पत्रकारों का मनोबल

एसोसिएशन ने प्रस्ताव रखा है कि इन बीमा पॉलिसियों का वितरण मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कर कमलों द्वारा किया जाए। एसोसिएशन का मानना है कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से पत्रकारों का मनोबल बढ़ेगा और राज्य में पत्रकार कल्याण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

एसोसिएशन अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को संगठन की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

पंचकूला में होगा प्रांतीय स्तर का गरिमामय आयोजन

पंचकूला के रेड बिशप में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बीमा पॉलिसी वितरण के साथ-साथ “पत्रकार कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा” विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें वरिष्ठ पत्रकार, विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी भाग लेंगे और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

एक सप्ताह में पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस हेल्थ पॉलिसी

अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी के अनुसार इंश्योरेंस कंपनी के साथ प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक सप्ताह से दस दिन के भीतर पत्रकारों को कैशलेस हेल्थ पॉलिसी उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके तहत डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और अन्य क्रोनिक बीमारियां भी पहले दिन से कवर होंगी। इसके लिए कंपनी और अधिकृत डॉक्टर पत्रकारों से संपर्क करेंगे।

पत्रकार हित में लगातार सक्रिय है एसोसिएशन

मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन लंबे समय से पत्रकारों के हित में कार्य कर रही है। इससे पहले भी स्वास्थ्य शिविर, प्रशिक्षण कार्यक्रम और कानूनी सहायता जैसी कई पहल की जा चुकी हैं। यह नई बीमा योजना पत्रकारों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कदम मानी जा रही है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.