सोनभद्र में पुष्प वर्षा के साथ परीक्षार्थियों का स्वागत, कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू
- रिपोर्ट: रघुराज सिंह
बीजपुर (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शिवम् संकल्प इंटरमीडिएट कॉलेज बखरिहवा (अंजानी), प्रभावती सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज जरहा, गुरुकुल इंटरमीडिएट कॉलेज सेवकाडांड़ तथा डॉ. अंबेडकर इंटर कॉलेज रजमिलान शामिल हैं। वहीं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के दो परीक्षा केंद्र केंद्रीय विद्यालय और डीएवी पब्लिक स्कूल में स्थापित किए गए हैं।
परीक्षा के पहले दिन शिवम् संकल्प इंटरमीडिएट कॉलेज में प्रबंधक और शिक्षकों ने परीक्षार्थियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और सकारात्मक व उत्साहपूर्ण माहौल में परीक्षा प्रारंभ कराई।
प्रथम पाली में 842 और द्वितीय पाली में 902 परीक्षार्थी रहे उपस्थित
प्रथम पाली में कक्षा 10 की हिंदी परीक्षा में चारों केंद्रों पर कुल 900 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 842 उपस्थित और 58 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिंदी परीक्षा में 965 परीक्षार्थी नामांकित थे, जिनमें 902 उपस्थित और 63 अनुपस्थित रहे।
केंद्रवार उपस्थिति का विवरण
शिवम् संकल्प इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक विनोद शुक्ला के अनुसार हाईस्कूल में 295 परीक्षार्थियों में से 28 अनुपस्थित रहे, जबकि इंटरमीडिएट हिंदी परीक्षा में 169 में से 12 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
गुरुकुल इंटरमीडिएट कॉलेज के व्यवस्थापक मार्तण्ड देव पांडेय ने बताया कि प्रथम पाली में 280 में से 19 और द्वितीय पाली में 203 में से 7 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
डॉ. अंबेडकर इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक कृपा शंकर के अनुसार हाईस्कूल में 148 में से 10 और इंटरमीडिएट में 342 में से 17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं प्रभावती सिंह इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक सचिन कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में 196 में से 13 और इंटरमीडिएट में 251 में से 27 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट विकास दुबे, अरविंद कुँवर और इंद्रेश कुमार सहित पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
khabre junction
