आबिद रज़ा का शेखूपुर में तूफानी दौरा: “वोट के साथ इंसाफ नहीं हुआ, इसलिए विकास में पिछड़ा क्षेत्र”

बदायूँ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के दलित, यादव बाहुल्य और मुस्लिम गांवों का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ वर्षों से राजनीतिक नाइंसाफी हुई है और वोट के साथ इंसाफ नहीं होने के कारण क्षेत्र विकास में पिछड़ा रह गया है।

उन्होंने जनता से वादा किया कि अगर उन्हें मौका मिला तो वोट के साथ न्याय किया जाएगा और क्षेत्र में तेज़ी से विकास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाए जाएंगे और हर गांव व घर तक पक्की सड़क पहुंचाई जाएगी। साथ ही बिना भेदभाव सभी इलाकों में समान विकास कर हर चेहरे पर खुशहाली और हर हाथ को काम देने का प्रयास किया जाएगा।

गांव-गांव में भव्य स्वागत, फूलों की बारिश से हुआ अभिनंदन

पूर्व मंत्री आबिद रज़ा का काफिला सबसे पहले यादव बाहुल्य गांव कुलचौरा पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला मुस्लिम बाहुल्य कस्बा सखानू पहुंचा, जहां युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने फूलों की वर्षा कर “देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया” जैसे नारों से उनका स्वागत किया।

इसके बाद काफिला भन्द्रा ग्राम की ओर बढ़ा। म्याऊं पेट्रोल पंप के पास युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान आबिद रज़ा अपनी गाड़ी के सनरूफ से खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। भन्द्रा पहुंचने से पहले यादव बाहुल्य गांव गिल्टिया में भी उनका जोरदार स्वागत किया गया। भन्द्रा में लोगों ने छतों से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।

म्याऊं और जाटव बाहुल्य ग्राम ढका में भी आबिद रज़ा का भव्य स्वागत हुआ। ढका गांव में उन्होंने कथा कमेटी को 5 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की।

“आपके साथ राजनीतिक नाइंसाफी हुई, विकास नहीं हुआ”

जनसभाओं को संबोधित करते हुए आबिद रज़ा ने कहा कि शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ राजनीतिक अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जितना विकास होना चाहिए था, उसका 5 प्रतिशत भी नहीं हुआ। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि क्षेत्र में कोई सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं है, जिससे बच्चों की शिक्षा और भविष्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को केवल वोट लेने के लिए इस्तेमाल किया गया और चुनाव के बाद उनकी अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि जब तक जनता के वोट का सही सम्मान नहीं होगा, तब तक क्षेत्र का विकास संभव नहीं है।

“2027 में बदलाव के लिए एकजुट होना जरूरी”

आबिद रज़ा ने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में मौजूदा सरकार को हटाने के लिए सेक्युलर हिंदू, मुस्लिम और दलित समाज को एकजुट होकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करना होगा। तभी वोट के साथ इंसाफ होगा और क्षेत्र का समुचित विकास संभव हो सकेगा।

इस दौरान ओमवीर सिंह दद्दा, रमेश सिंह यादव, शीशपाल सिंह यादव, प्रेमपाल सिंह यादव, भोपाल सिंह यादव, दानिश अशरफी, खलील अंसारी, नदीम अंसारी, कमरुल अंसारी, हसरत अली खान, सखावत खान, अजय सिंह जाटव, मास्टर चंद्र प्रकाश जाटव, विशाल सिंह जाटव, हर्षित यादव, सोहेल सिद्दीकी, मनोज गुप्ता, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.