भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक,पूर्व सैनिकों को खेल व सामाजिक सेवा में आगे आने का आह्वान
लखीसराय(सरफराज आलम) जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
बैठक के दौरान सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों ने अपनी–अपनी समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इन समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा कई मामलों में त्वरित समाधान हेतु मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
बैठक में सैनिकों द्वारा भूमि संबंधी विवाद, नौकरी से जुड़ी परेशानियाँ तथा बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे उठाए गए। एक भूतपूर्व सैनिक ने विशेष रूप से शिकायत की कि उनके खेत में अब तक बिजली का पोल नहीं लगाया गया है, इसके बावजूद वे पिछले एक वर्ष से नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। बिना विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराए ही बिल वसूले जाने की इस समस्या को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे आना चाहिए, खासकर खेल संरचना के विकास और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, प्रशिक्षण और जज्बा जिले के युवाओं एवं आम लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है।
जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रत्येक माह की 15 तारीख को नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। भूमि संबंधी कई शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कुछ मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि कुछ मामले प्रारंभिक अवस्था में हैं जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया that लखीसराय जिले की सभी 76 पंचायतों में खेल क्लबों का गठन किया जाना है, जिसमें रिटायर्ड सर्विसमैन को नोडल की भूमिका में रखने की योजना है ताकि खेल गतिविधियों को संगठित और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों एवं आम नागरिकों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का आग्रह किया और बताया कि इस योजना के तहत सब्सिडी का लाभ भी दिया जाएगा, जिससे बिजली खर्च में कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
khabre junction
