लखीसराय (सरफराज आलम): जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लगातार लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में जिले के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनियंत्रित वाहन परिचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट जांच अभियान को नियमित रूप से चलाने, ओवरलोडिंग, तेज गति और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) की अनिवार्यता पर भी विशेष जोर दिया गया।
ब्लैक स्पॉट की पहचान कर किए जाएंगे सुधार
बैठक में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान और सुधार पर विस्तृत चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों को ऐसे स्थानों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करने और वहां चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक संरचनात्मक सुधार जल्द कराने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
त्वरित राहत और मुआवजा व्यवस्था पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने और एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
डेटा आधारित योजना और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
बैठक में दुर्घटना से संबंधित सूचनाओं की समयबद्ध और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि डेटा आधारित योजना बनाकर प्रभावी कदम उठाए जा सकें। साथ ही गुड सेमेरिटन (राह-वीर) योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों को चिन्हित कर सम्मानित और प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी विभागों के समन्वित प्रयास से ही दुर्घटनाओं और जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके लिए विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
khabre junction
