लखीसराय(सरफराज आलम)वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने लंबित AC/DC बिलों पर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के लंबित बिलों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित AC/DC बिलों के शीघ्र निष्पादन को सुनिश्चित करना रहा। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय प्रभारी पदाधिकारियों और लेखा कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों के लंबित AC बिलों का मिलान कर निर्धारित समय सीमा के भीतर DC बिल अनिवार्य रूप से समर्पित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वित्तीय नियमों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि लंबित मामलों का समय पर निष्पादन नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमित रूप से AC/DC बिलों के समायोजन पर जोर देते हुए बताया कि इससे न केवल वित्तीय पारदर्शिता बढ़ती है, बल्कि भविष्य में ऑडिट आपत्तियों से भी बचाव संभव है।
समीक्षा के दौरान जिला योजना कार्यालय, जिला पंचायत राज कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, जिला सहकारिता कार्यालय, जिला प्रोग्राम कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग तथा जिला परिवहन कार्यालय समेत सभी जिला व प्रखंड स्तरीय कार्यालयों की स्थिति की बारी-बारी से जांच की गई। अधिकारियों से लंबित विपत्रों की अद्यतन जानकारी ली गई और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वरीय कोषागार पदाधिकारी रामेश कुमार सुमन, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, लेखा कर्मी और संबंधित अनुभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
