ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 5.59 लाख की ठगी, एक और आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

ऐलनाबाद,  फरवरी (एम पी भार्गव)। Sirsa Police की साइबर थाना टीम ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक अन्य आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देशानुसार गठित टीम द्वारा महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर की गई।

साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी कुलप्रीत सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे “अनु शर्मा” नामक इंस्टाग्राम आईडी से संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कम समय में ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने शुरुआत में छोटे निवेश पर दोगुनी राशि लौटाकर पीड़ित का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद साइबर ठगों ने अधिक लाभ का लालच देकर पीड़ित से बड़ी रकम निवेश करवा ली। झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 5 लाख 59 हजार 250 रुपये ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कर दिए। जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने के लिए भेजे गए लिंक पर क्लिक किया तो लिंक बंद हो चुका था, जिससे उसे ठगी का एहसास हुआ।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी रिहान पुत्र दिलशाद निवासी गांव पीपली खेड़ा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया आईडी या ऑनलाइन निवेश के लालच में आकर धनराशि निवेश न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.