अब ऑटोमेटिक ट्रैक पर होंगे ड्राइविंग टेस्ट, अनियमितताओं पर लगेगी रोक

बदायूं। सरकार एवं शासन की मंशा के अनुरूप सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही सभी ड्राइविंग टेस्ट ऑटोमेटिक ट्रैक पर लिए जाएंगे। इस नई व्यवस्था के तहत अब मैनुअल तरीके से ड्राइविंग टेस्ट नहीं लिया जाएगा।

ग्राम बदरपुर स्थित बिल्सी रोड पर मैसर्स दीपक इंटरप्राइजेज द्वारा स्थापित ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र में आधुनिक ऑटोमेटिक ट्रैक तैयार कर लिया गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है और जल्द ही इस केंद्र पर ड्राइविंग टेस्ट शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में ड्राइविंग टेस्ट कार्यालय में मैनुअल रूप से लिया जाता था, जिस पर समय-समय पर अनियमितताओं के आरोप भी लगते रहे हैं। ऑटोमेटिक ट्रैक पर टेस्ट शुरू होने से सेंसर आधारित तकनीक के माध्यम से केवल प्रशिक्षित और योग्य चालक ही परीक्षा में सफल हो सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनेगी।

ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र का पूरा ढांचा तैयार हो चुका है और ऑटोमेशन के लिए लगाए गए सेंसर का ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है। अब टेस्ट प्रणाली को परिवहन विभाग की वेबसाइट से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है और परिवहन आयुक्त से अंतिम स्वीकृति मिलना शेष है।

अधिकारियों के अनुसार, उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ऑटोमेटिक ट्रैक पर ड्राइविंग टेस्ट शुरू कर दिए जाएंगे। इस नई व्यवस्था से विभाग पर लगने वाले अनियमितताओं के आरोपों पर रोक लगेगी और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.