मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे पर तेज हुई रफ्तार, डीएम मिथिलेश मिश्र ने की समीक्षा,कई अंचलों में सर्वे पूरा
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में बहुप्रतीक्षित मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे (NH-33) परियोजना को लेकर प्रशासन ने प्रगति तेज कर दी है। गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अंचल अधिकारी, अमीन और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य परियोजना के तहत चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्य की स्थिति की समीक्षा करना और शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की रणनीति तय करना था।बैठक में बताया गया कि एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत लखीसराय जिले के पांच अंचलों—बड़हिया, पिपरिया, चानन, सूर्यगढ़ा और लखीसराय—में सर्वेक्षण कार्य जारी है। पिपरिया और चानन अंचल में सर्वे कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिसे जिला प्रशासन की सक्रिय निगरानी और बेहतर समन्वय का परिणाम बताया गया। वहीं बड़हिया और लखीसराय अंचल के दो मौजों में सर्वेक्षण कार्य अंतिम चरण में है, जिसे अगले दो दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।सूर्यगढ़ा अंचल के पांच मौजों में सर्वे कार्य लंबित रहने पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर खेसरा पंजी तैयार करना सुनिश्चित करें, ताकि परियोजना के अगले चरण में कोई बाधा न हो।डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे जिले में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। जिला प्रशासन द्वारा परियोजना की लगातार निगरानी की जा रही है और अगले सप्ताह फिर से समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।
