ब्रेकिंग न्यूज़: रामपुर में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, सरकारी कर्मचारी हिरासत में

रामपुर (रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, यूपी): रामपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एसपी आवास के बराबर स्थित जिला पंचायत कैंपस के अंदर एक सरकारी कर्मचारी ने कथित रूप से अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पंचायत के सरकारी बाबू अजगर अली पर आरोप है कि उन्होंने अपने ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से अधिवक्ता फारूक अहमद खान को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत जिले के तमाम अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एसपी रामपुर विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सरकारी कर्मचारी द्वारा अधिवक्ता की हत्या का प्रतीत हो रहा है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी सरकारी कर्मचारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से जिले में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.