- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी: पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जनपद में एक नई पहल की शुरुआत की गई है। इसके तहत सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को जिले के सभी थानों की एक-एक ग्राम पंचायत में ‘पुलिस चौपाल’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्राथमिक स्तर पर मौके पर ही निस्तारण करना है, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो और जनसंवाद को बढ़ावा मिल सके।
इसी क्रम में आज जनपद के सभी थानों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्राम चौपाल आयोजित की गई। चौपाल के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं जैसे भूमि विवाद, पैसों के लेन-देन, चकमार्ग, नाली संबंधी शिकायतें आदि सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया। पुलिस की इस कार्यवाही की ग्रामीणों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम अपराध रजिस्टर में अंकित विवादित मामलों का अवलोकन कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही शस्त्र धारकों एवं हिस्ट्रीशीटरों के संबंध में भी समीक्षा की गई।
चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन और विभिन्न हेल्पलाइन नंबर—1090, 112, 1076, 108 एवं 1930—के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ड्रोन देखे जाने को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों से सतर्क रहने की भी अपील की गई।
चौपाल में निस्तारित प्रमुख प्रकरण:
➡ थाना हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम ज्ञानमती खेड़ा, मजरा रामनगर में सार्वजनिक रास्ते के विवाद को पुलिस ने मौके पर ही सुलझा दिया।
पुलिस की इस जनसंपर्क पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती दिखाई दे रही है।
khabre junction
