लखीसराय (सरफराज आलम): सदर अस्पताल में संचालित फिजियोथैरेपी वार्ड अब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होकर हाईटेक हो गया है। वर्षों से पुराने और जर्जर उपकरणों के सहारे चल रहे इस वार्ड को राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा एक साथ लगभग दो दर्जन से अधिक आधुनिक फिजियोथैरेपी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इससे जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से दुर्घटना, हड्डी एवं नस संबंधी समस्याओं, लकवा तथा ऑपरेशन के बाद पुनर्वास के लिए आने वाले मरीजों को अब बेहतर और प्रभावी इलाज मिल सकेगा। अब तक वार्ड करीब 10 वर्षों से पुराने उपकरणों के सहारे संचालित हो रहा था। कई मशीनें जुगाड़ तकनीक से किसी तरह काम कर रही थीं, जिससे उपचार की गुणवत्ता प्रभावित होती थी।
फिजियोथैरेपिस्ट विकास कुमार एवं विनीता कुमारी ने बताया कि सभी मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है और एक-दो दिनों में तकनीशियन की मदद से इन्हें इंस्टॉल कर लिया जाएगा। इसके बाद मरीजों को अत्याधुनिक तकनीक से उपचार मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नए उपकरणों के आने से इलाज पहले की तुलना में अधिक सटीक और प्रभावी होगा तथा चिकित्सकों को भी कार्य करने में सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में स्थानीय सूर्यगढ़ा विधायक प्रहलाद यादव तथा तत्कालीन डीएम अमरेंद्र कुमार और रजनीश कुमार द्वारा मरीज हित में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन योजना लंबे समय तक फाइलों में ही अटकी रही। इसके बावजूद विभागीय एवं प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहे, जिसका परिणाम अब सामने आया है।
वार्ड में उपलब्ध कराए गए प्रमुख उपकरणों में शॉर्ट वेव डायथर्मी, अल्ट्रासाउंड थेरेपी, मसल स्टिम्युलेटर, लेजर थेरेपी, सीपीएम मशीन (घुटना एवं कोहनी सीधा करने हेतु), स्टेटिक साइकिल, एंकल एवं हील एक्सरसाइजर, स्टैंडिंग टेबल, इंफ्रारेड लैंप, जिम बॉल, टेंस, ओवरहेड पुली, शोल्डर व्हील एक्सरसाइजर, कंप्यूटराइज्ड सर्वाइकल एवं लंबर ट्रेक्शन, पैरेलल बार, हैंड एक्सरसाइजर, पिंग बॉल और बॉल लैडर सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।
आधुनिक मशीनों की उपलब्धता से अब सदर अस्पताल का फिजियोथैरेपी वार्ड जिले के मरीजों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। इससे न केवल इलाज की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि मरीजों को बाहर निजी केंद्रों पर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
khabre junction
