राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर जिलास्तरीय निबंध, क्विज एवं वक्तृत्व प्रतियोगिता आयोजित, सफल प्रतिभागी सम्मानित

लखीसराय (सरफराज आलम): राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एससीईआरटी पटना के तत्वावधान में लखीसराय समाहरणालय स्थित खेल भवन में निबंध, लिखित क्विज एवं वक्तृत्व कला की जिलास्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सफल प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने छात्र-छात्राओं को मनोयोगपूर्वक अध्ययन करने तथा जीवन की प्रत्येक प्रतियोगिता में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सर्व शिक्षा अभियान के एआरपी आलोक रंजन एवं नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

“हरित ऊर्जा – धरती की सांस” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में रामनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय शिवसोना की कोमल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय वलीपुर के मानस कुमार द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलौरी के अमित राज तृतीय स्थान पर रहे।

“प्लास्टिक के प्राकृतिक एवं जैव विकल्प” विषय पर हुई लिखित क्विज प्रतियोगिता में श्रीगोविन्द प्लस टू उच्च विद्यालय मानो की खुशी कुमारी प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर की चांदनी कुमारी द्वितीय तथा राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय मननपुर के गौरव कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

वहीं “मानव जीवन शैली पर उभरती प्रौद्योगिकी का प्रभाव” विषय पर आयोजित वक्तृत्व कला प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरमा की सीता कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय वलीपुर के मिथुन कुमार द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर की रागिनी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

निबंध एवं लिखित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर एससीईआरटी पटना द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। वहीं वक्तृत्व कला में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा 20 फरवरी को मुंगेर में आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षक जयंत कुमार, मकेश्वर कुमार, राकी कुमार, अमर कुमार, अजीत कुमार एवं मनोरंजन कुमार चौधरी सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.