राजनगर एक्सटेंशन में आधारभूत संरचना विकास को मिली रफ्तार, सड़क–नाला–सीवर निर्माण कार्य जारी

गाजियाबाद: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सुनियोजित एवं व्यवस्थित शहरी विकास के उद्देश्य से विभिन्न आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को तीव्र गति से कराया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, नाला एवं सीवर लाइन निर्माण को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि स्थानीय निवासियों को बेहतर यातायात सुविधा एवं सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

दिनांक 11 फरवरी 2026 तक की प्रगति के अनुसार, खसरा संख्या 96 एवं 97, नंदग्राम स्थित नवसृजित भूखंडों के विकास कार्य के तहत भूखंडों के सामने नाला निर्माण कार्य जारी है। इसके पूर्ण होने से वर्षा जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और जलभराव की स्थिति से राहत मिलेगी।

इसी क्रम में नूरनगर क्षेत्र में 24 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस मार्ग पर नाला एवं सीवर लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि वर्तमान में मिट्टी भराई का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

सिकरोड़ के निकट प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के अंतर्गत 500 मीटर लंबाई में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही मेनहोल एवं नाला निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह मार्ग भविष्य में प्रमुख संपर्क सड़क के रूप में विकसित होकर यातायात दबाव को कम करेगा।

इसके अतिरिक्त, भट्टा नंबर-5 तक 30 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण के साथ अविवादित भूमि पर नाला निर्माण कार्य भी निरंतर जारी है। यह परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नूरनगर में 18 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के तहत नाला निर्माण एवं मिट्टी भराई का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में हो रही समस्याओं से राहत मिलेगी।

वहीं, श्रीराम हाईट्स के समक्ष 380 मीटर लंबाई में 45 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ 10 फरवरी 2026 को किया गया। वर्तमान में यहां मिट्टी भराई एवं नाला निर्माण हेतु खुदाई का कार्य प्रगति पर है। यह मार्ग राजनगर एक्सटेंशन की आंतरिक संपर्क व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित कर रहे हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य राजनगर एक्सटेंशन को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करना है, जहां नागरिकों को उच्चस्तरीय आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.