Sonu Sood On Rajpal Yadav: राजपाल यादव की मदद को आगे आए सोनू सूद, अगली फिल्म में किया साइन, बोले—ये दान नहीं सम्मान है

हिंदी सिनेमा के दर्शकों को सालों तक हंसाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। चेक बाउंस मामले में रकम अदा न कर पाने के कारण राजपाल यादव ने 6 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद वह इस समय तिहाड़ जेल में हैं। कोर्ट में सरेंडर करते वक्त उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा था कि उनके पास कर्ज चुकाने के लिए पैसे नहीं हैं और मदद के लिए कोई करीबी दोस्त भी नहीं है।

राजपाल यादव की इस स्थिति से बॉलीवुड के दिलेर अभिनेता सोनू सूद बेहद आहत नजर आए और उन्होंने खुलकर अभिनेता के समर्थन में कदम बढ़ाया है। सोनू सूद ने न सिर्फ राजपाल यादव की मदद करने का फैसला किया, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से भी आगे आने की अपील की है।

सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर जताया समर्थन

सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने सालों तक इंडस्ट्री को अपना योगदान दिया है। कभी-कभी जिंदगी में ऐसा वक्त आता है जब क्रूर हालात इंसान के साथ अन्याय कर देते हैं।”

उन्होंने आगे लिखा कि राजपाल यादव उनकी अगली फिल्म का हिस्सा होंगे और यह राशि भविष्य के लिए एक साइनिंग अमाउंट है। सोनू सूद ने साफ किया कि यह मदद दान नहीं बल्कि सम्मान है।
सोनू ने कहा,
“जब इंडस्ट्री के हमारे बीच से कोई अकेले बुरे वक्त से गुजरता है, तो उसे यह याद दिलाना जरूरी है कि वह अकेला नहीं है। हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, एक परिवार हैं।”

सोनू सूद के इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है और यूजर्स उनके पोस्ट को लगातार सपोर्ट कर रहे हैं।

राजपाल यादव का फिल्मी सफर

राजपाल यादव हिंदी सिनेमा के उन अभिनेताओं में शुमार हैं, जिन्होंने कॉमेडी के साथ-साथ गंभीर भूमिकाओं में भी अपनी खास पहचान बनाई है। उन्होंने ‘भूल भुलैया’, ‘चुप चुप के’, ‘अपना सपना मनी मनी’, ‘सी कंपनी’ समेत 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। अपनी दमदार टाइमिंग और अभिनय से उन्होंने हर उम्र के दर्शकों को प्रभावित किया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई, जिससे अभिनेता को भारी नुकसान हुआ और वह कर्ज की रकम चुकाने में असमर्थ रहे। इस मामले में कोर्ट ने उन्हें पहले 6 महीने की सजा सुनाई थी। राजपाल यादव ने फैसले को चुनौती भी दी, लेकिन लगातार भुगतान न होने के चलते कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दे दिया।

करियर के लिए नई उम्मीद

सोनू सूद की फिल्म में काम मिलना राजपाल यादव के करियर के लिए एक नई उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा है। दशकों से दर्शकों को हंसाने वाला यह कलाकार अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर सकता है। माना जा रहा है कि यह मौका राजपाल यादव के लिए मजबूत कमबैक साबित हो सकता है।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.