रामपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 26 शिकायतों में से 8 का मौके पर निस्तारण

रामपुर। जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की उपस्थिति में तहसील मिलक सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा त्वरित समाधान पर जोर दिया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 26 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ताओं को इसकी सूचना अवश्य दी जाए।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन द्वारा तहसील मिलक में ग्राम न्यायालय की स्थापना की मांग को लेकर एक मांग पत्र भी प्रस्तुत किया गया।
ग्राम करींगा से गुजरने वाली सड़क पर अवैध रूप से उपले एवं घूरे डाले जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश उपजिलाधिकारी मिलक को दिए।
वहीं ग्राम भंवरकी की एक महिला द्वारा अपने दिव्यांग बच्चों के उपचार हेतु दिए गए प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि बच्चों को जिला अस्पताल स्थित एनआरसी केन्द्र में भर्ती कराकर समुचित उपचार सुनिश्चित कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विद्युत, भूमि पैमाइश, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं।

इसी क्रम में तहसील स्वार में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील बिलासपुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान की अध्यक्षता में 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील शाहबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसके अतिरिक्त तहसील टाण्डा में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.