बदायूँ, फरवरी। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट बदायूं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न न्यायालयों, राजस्व अभिलेखागार, न्यायिक अभिलेखागार, ईआरके सहित अन्य प्रभागों एवं नजारत का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया।
अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को अभिलेखों के डिजिटाइजेशन की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, सुव्यवस्थित संचालन और कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा करते हुए रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने पर जोर दिया, ताकि प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता, गति और विश्वसनीयता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न न्यायालयों, सामान्य सहायक अनुभाग, न्याय अनुभाग आदि का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयों से संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली, जिस पर संबंधित कार्मिकों द्वारा अवगत कराया गया कि इस संबंध में कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। साथ ही एसीपी से संबंधित भी कोई मामला लंबित नहीं होने की जानकारी दी गई।
मंडलायुक्त ने रिकॉर्ड रूम, न्यायिक अभिलेखागार तथा ईआरके प्रभाग में रखे दस्तावेजों को भी गहनता से देखा। वहीं राजस्व लेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया को और तेज करने के निर्देश दिए। नजारत के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्विस बुक सहित अन्य अभिलेखों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने मंडलायुक्त को अभिलेखों के रख-रखाव और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी तथा संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
khabre junction
