एचपीएससी द्वारा पीजीटी कंप्यूटर साइंस परीक्षा में मात्र 2.29 प्रतिशत अभ्यर्थियों को पास किया जाना योग्य युवाओं के साथ भद्दा मजाक : अभय चौटाला

ऐलनाबाद, 5 फरवरी | एम.पी. भार्गव;इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग ने नौकरियों की चयन प्रक्रिया को मजाक बनाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि अब तक एचपीएससी द्वारा कराई गई कोई भी भर्ती ऐसी नहीं रही, जिसका उद्देश्य वास्तव में हरियाणा के योग्य युवाओं को रोजगार देना हो।

अभय चौटाला ने कहा कि बेरोजगारी से त्रस्त हरियाणा में वर्षों के इंतजार के बाद पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें 1711 पदों के लिए 5100 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, लेकिन मात्र 39 अभ्यर्थियों को ही सफल घोषित किया गया, जो कि केवल 2.29 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा सरकारी नौकरी पाने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन एचपीएससी उनकी मेहनत पर पानी फेरते हुए उन्हें नालायक और अयोग्य साबित करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा बेहद प्रतिभाशाली हैं और अपनी मेहनत के बल पर यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षाएं पास कर आईएएस, आईपीएस, जज और वैज्ञानिक बन रहे हैं। ऐसे में यह बात समझ से परे है कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस जैसी अपेक्षाकृत सामान्य परीक्षा में केवल 2.29 प्रतिशत अभ्यर्थी ही योग्य ठहराए जाएं।

अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि अब तक की गई भर्तियों में से 90 प्रतिशत नियुक्तियां बाहर के प्रदेशों के लोगों की की गई हैं। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी की सोची-समझी रणनीति करार देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य हरियाणा के युवाओं को बेरोजगार रखना और संघ से जुड़े लोगों को बाहरी प्रदेशों से लाकर उच्च पदों पर बैठाकर पूरे सिस्टम पर नियंत्रण करना है।

उन्होंने मांग की कि बीजेपी सरकार तुरंत प्रभाव से एचपीएससी के चेयरमैन को बर्खास्त करे। साथ ही उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर हरियाणा के सभी योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के नौकरी दी जाएगी और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.