प्रशिक्षण प्राप्त बेसिक ग्रेड शिक्षकों को 12 वर्ष बाद वित्तीय उन्नयन देने की मांग
बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ जिला इकाई लखीसराय ने डीएम सहित अन्य अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
लखीसराय(सरफराज आलम) बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जयकुमार निराला तथा महासचिव सत्य प्रकाश ने डीएम मिथिलेश मिश्र तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर प्रशिक्षण प्राप्त बेसिक ग्रेड शिक्षकों को 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के उपरांत वित्तीय उन्नयन का लाभ देने का मांग किया है।
उन्होंने इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा 27 जनवरी को शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले के सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को ज्ञापन संख्या 176 जारी किया गया है। जिसमें सेवा अवधि पूर्ण करने वाले पात्र शिक्षकों को वित्तीय उन्नयन का लाभ देने का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।
इसके बावजूद जिले में अब तक कई प्रशिक्षण प्राप्त बेसिक ग्रेड शिक्षकों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। संघ के महासचिव सत्य प्रकाश ने पत्र के माध्यम से यह भी उल्लेख किया कि प्रशिक्षण प्राप्त बेसिक ग्रेड शिक्षक वर्षों से विद्यालयों में शिक्षण कार्य के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। 12 वर्ष की संतोषजनक सेवा के बाद भी यदि उन्हें वित्तीय उन्नयन का लाभ नहीं दिया जाता है तो यह न्यायसंगत नहीं है और इससे शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जिला शिक्षा विभाग से आग्रह किया कि शिक्षा विभाग के ज्ञापन संख्या 176 के आलोक में सभी पात्र शिक्षकों की सूची तैयार कर त्वरित रूप से वित्तीय उन्नयन की प्रक्रिया पूरी की जाए। जिन शिक्षकों के मामले लंबित हैं, उनकी भी समीक्षा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाने पर भी विचार कर सकता है। उन्होंने उम्मीद जताया कि विभाग शिक्षकों की मांग पर विभाग सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
khabre junction
