गाजियाबाद।गाजियाबाद से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी नाबालिग बहनों ने देर रात करीब 2 बजे 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। तीनों बहनों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों बहनों को एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप की लत लग गई थी। बताया जा रहा है कि वे ऑनलाइन टास्क बेस्ड एक कोरियन लवर गेम खेला करती थीं। हालांकि तीनों ने सामूहिक आत्महत्या क्यों की, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि यह सभी जानकारियां फिलहाल शुरुआती हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही इस दर्दनाक घटना की असली वजह सामने आ पाएगी।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ जारी है। यह घटना न केवल परिवार बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है।
khabre junction
