अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के खिलाफ कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी है। कनाडा अमेरिका का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और ऊर्जा, निर्माण तथा विमानन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों की सप्लाई चेन आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में इस विवाद के असर को लेकर राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चिंता बढ़ गई है।
गल्फस्ट्रीम विमानों को लेकर विवाद
राष्ट्रपति ट्रंप ने आरोप लगाया कि कनाडा अमेरिकी कंपनी गल्फस्ट्रीम के विमानों को प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) देने से गलत, गैरकानूनी और लगातार इनकार कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि कनाडा ने गल्फस्ट्रीम 500, 600, 700 और 800 जेट विमानों को अब तक प्रमाणित नहीं किया है, जबकि ये दुनिया के सबसे अत्याधुनिक विमानों में गिने जाते हैं।
ट्रंप ने इसे अमेरिकी कंपनी के साथ अन्याय करार देते हुए कहा कि अमेरिका इस पर जवाबी कार्रवाई करेगा।
कनाडाई विमानों का प्रमाणन रद्द करने का ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि अमेरिका कनाडा में बने बॉम्बार्डियर ग्लोबल एक्सप्रेस समेत कनाडा में निर्मित सभी विमानों का प्रमाणन रद्द करेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला तब तक लागू रहेगा, जब तक गल्फस्ट्रीम को पूर्ण प्रमाणन नहीं मिल जाता।
टैरिफ लगाने की चेतावनी
ट्रंप ने कनाडा पर यह भी आरोप लगाया कि वह अपनी नियामक प्रक्रिया के जरिए अमेरिकी विमानों की बिक्री को रोक रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे का तुरंत समाधान नहीं किया गया, तो कनाडा से अमेरिका में बेचे जाने वाले सभी विमानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के विवाद से न केवल व्यापार बल्कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर भी गहरा असर पड़ सकता है।
क्यूबा पर नया टैरिफ सिस्टम
इसी बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने क्यूबा को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने क्यूबा से अमेरिका को “असामान्य और गंभीर खतरा” बताते हुए राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया है। इसके साथ ही एक नई टैरिफ व्यवस्था लागू करने का आदेश दिया गया है, जिसके तहत क्यूबा को तेल की आपूर्ति करने वाले देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है।
रूस, चीन और ईरान से संबंधों पर आरोप
आदेश में आरोप लगाया गया है कि क्यूबा रूस, चीन और ईरान जैसे देशों के साथ-साथ हमास और हिज़्बुल्लाह जैसे संगठनों का समर्थन करता है। ट्रंप ने दावा किया कि क्यूबा खुलेआम अमेरिका के दुश्मनों को अपने क्षेत्र में “अत्याधुनिक सैन्य और खुफिया क्षमताएं” स्थापित करने की अनुमति दे रहा है, जो अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है।
उन्होंने यह भी कहा कि क्यूबा में रूस का सबसे बड़ा विदेशी खुफिया केंद्र संचालित हो रहा है और चीन के साथ उसके सैन्य व रक्षा संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।
इन बयानों के बाद अमेरिका की विदेश और व्यापार नीति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।
khabre junction
