डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में इंटरमीडिएट एवं माध्यमिक परीक्षा–2026 के सफल संचालन को लेकर संयुक्त ब्रीफिंग
लखीसराय (सरफराज आलम)। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) एवं वार्षिक माध्यमिक परीक्षा–2026 के सफल, शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया।
बैठक के दौरान परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक प्रशासनिक, सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा जारी संयुक्त आदेश एवं दिशा-निर्देशों के आलोक में परीक्षा संचालन की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा प्रश्न-पत्रों के संधारण, बैंक/कोषागार से निकासी, परिवहन, वितरण एवं परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्र खोलने की प्रत्येक प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 05:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं केंद्राधीक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, कदाचार अथवा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रश्न-पत्रों की निकासी बैंक/कोषागार से निर्धारित तिथि एवं समय पर वीडियोग्राफी की उपस्थिति में की जाएगी तथा इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसी प्रकार प्रश्न-पत्रों का वितरण एवं परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्र खोलने की प्रक्रिया नियत समय पर केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की उपस्थिति में कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सुचारु यातायात प्रबंधन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई एवं आपातकालीन सेवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा का कड़ाई से अनुपालन कराने पर विशेष बल दिया गया।
अंत में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी परीक्षार्थियों को निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांत वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिला प्रशासन लखीसराय इंटरमीडिएट एवं माध्यमिक परीक्षा–2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन हेतु पूर्णतः सजग, सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, वरीय उपसमाहर्ता राहुल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार सुमन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
khabre junction
