बदायूं में हर्षाल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

बदायूं, 26 जनवरी। उत्तर प्रदेश में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षाल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन में वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। वहीं, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अवनीश राय ने राष्ट्रीय पर्व के मौके पर ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राष्ट्रगान भी गाया गया।

डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जिसमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराया गया। उन्होंने संविधान को समरसता, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रवाद की प्रेरणा देने वाला बताया।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय ने संविधान की प्रस्तावना का महत्व बताते हुए इसे जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया और 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू हुआ। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पर डीएम और अन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र व फूल अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा बदायूँ क्लब में मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने ध्वजारोहण किया। पुलिस लाइन और क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

सभी नगर पालिका, नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गांधी ग्राउंड से प्रभात फेरी निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होकर वापस गांधी ग्राउंड पर समाप्त हुई। समस्त शैक्षिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया और जिला चिकित्सालय में फल वितरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.